रेंज स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन, कांकेर रही उपविजेता
खिलाड़ियों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

बीजापुर। बीजापुर पुलिस द्वारा आयोजित “कोड़सा बीजापुर प्रतियोगिता-2026” रेंज स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को पुलिस लाइन खेल मैदान बीजापुर में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के
अंतिम दिन खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में डीआरजी बीजापुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांकेर की टीम को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया, जिसे देखने बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में कांकेर की टीम उपविजेता रही, जबकि डीआरजी बीजापुर-2 ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में रेंज पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., ओएसडी कमलोचन कश्यप, डीआईजी केरिपु बल बी.एस. नेगी, कलेक्टर बीजापुर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय, डीएफओ बीजापुर संदीप बलगा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
“कोड़सा बीजापुर प्रतियोगिता-2026” का आयोजन 25 मई 2026 से प्रारंभ होकर 27 मई 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता में 07 जिलों की डीआरजी टीमों के साथ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) एवं एसटीएफ की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत चार पूलों में मुकाबले आयोजित किए गए, जहां प्रत्येक पूल में तीन-तीन टीमों के बीच मैच खेले गए। सेमीफाइनल मुकाबले 26 मई को हुए, जबकि फाइनल मैच 27 मई को संपन्न हुआ।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच और टीम भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि “कोड़सा” का अर्थ नव अंकुरित पौधा होता है। जिस प्रकार एक छोटा पौधा विकसित होकर मजबूत वृक्ष बनता है, उसी प्रकार बीजापुर और आसपास का क्षेत्र भी अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी उद्देश्य और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की भारी उपस्थिति ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।




