छत्तीसगढ़
ग्राम जारपल्ली में गरिमामय माहौल में मनी बाबा साहेब अंबेडकर जयंती
पहली बार आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

बीजापुर। जिले के ग्राम पंचायत जारपल्ली में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पहली बार बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान वक्ताओं ने अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए समानता, शिक्षा और अधिकारों के महत्व को बताया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। सभी ने बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और समाज में भाईचारा बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त किया।




