जगदंबा सुपर किंग्स बनी विजेता, 200 से अधिक लोगों की मौजूदगी में युवाओं ने दिखाया दमखम
समाज एकता और खेल भावना का बना उत्सव, पारीक बॉक्स क्रिकेट लीग का भव्य आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ पारीक समाज यूथ विंग द्वारा रनभूमि क्रिकेट टर्फ, टीचर्स कॉलोनी कोटा में “पारीक बॉक्स क्रिकेट लीग” का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। समाज में एकता, भाईचारा एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में समाज के युवाओं, वरिष्ठजनों एवं परिवारों ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई। पूरा आयोजन पारिवारिक माहौल और उत्साह से भरपूर रहा।
छत्तीसगढ़ पारीक समाज यूथ विंग के अध्यक्ष निखिल तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस क्रिकेट लीग में कुल चार टीमों — जोधपुर रॉयल्स, बालाजी सुपर किंग्स, लाखदातार एवं जगदंबा सुपर किंग्स ने भाग लिया। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जहां खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, टीम भावना और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जगदंबा सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि जोधपुर रॉयल्स उपविजेता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में गोविंद तिवारी, विप्र फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष प्रहलाद मिश्रा, जोनल महासचिव प्रितीश शर्मा, छत्तीसगढ़ पारीक समाज के अध्यक्ष मुकेश पारीक, संतोष तिवारी, हेमंत तिवारी, श्रीकिशन पारीक, नरेश शर्मा एवं जुगलकिशोर पारीक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
टूर्नामेंट के दौरान कई खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता। विभिन्न मुकाबलों में भवानी पंडिया, निखिल तिवारी, कुशल बोरा, रविशंकर पारीक एवं मयंक पारीक को “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रविशंकर पारीक को “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया। वहीं निखिल तिवारी को “बेस्ट बॉलर”, भवानी पंडिया को “बेस्ट बैट्समैन” तथा श्रीराम पारीक को “बेस्ट फील्डर” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि “पारीक बॉक्स क्रिकेट लीग” केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास है। इस आयोजन ने युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, वहीं समाज के लोगों को आपसी मेलजोल एवं पारिवारिक वातावरण में समय बिताने का अवसर भी मिला।
उन्होंने कहा कि “यह आयोजन सभी प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव रहा। समाज के हर वर्ग की सहभागिता ने यह साबित किया कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने की एक मजबूत कड़ी भी है।”
पूरे आयोजन के दौरान 200 से अधिक लोगों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन स्थल में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा। अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।




