छत्तीसगढ़
सर्पदंश से 12 वर्षीय छात्र की मौत
बीजापुर के इलमीड़ी स्थित बालक आश्रम में 6वीं के छात्र विनय कुरसम (12) की सर्पदंश से मौत, इलाके में शोक

बीजापुर।जिले के उसूर ब्लॉक के इलमीड़ी स्थित नवीन बालक आश्रम में एक दुखद घटना सामने आई है। आश्रम में पढ़ने वाला 6वीं कक्षा का छात्र विनय कुरसम (पिता– दिलीप कुरसम), उम्र लगभग 12 वर्ष, की सर्पदंश से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब विनय आश्रम परिसर में था, तभी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया।
घटना के बाद साथियों और स्टाफ द्वारा उसे तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ती गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से आश्रम सहित पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने आश्रम परिसर में सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं प्रशासन से आवश्यक सतर्कता और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है।




