
बीजापुर।बीजापुर जिले के दक्षिण क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। थाना पामेड़ अंतर्गत कावरगट्टा–गुंडराजगुडे़म जंगल पहाड़ी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पामेड़ एरिया कमेटी के दो कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए हैं। मुठभेड़ स्थल से उनके शवों के साथ भारी मात्रा में हथियार और नक्सल सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सशस्त्र माओवादियों की उपस्थिति की विशिष्ट आसूचना के आधार पर दिनांक 28 जनवरी 2026 की संध्या को DRG, बस्तर फाइटर्स एवं CRPF की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया था। अभियान के दौरान 29 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 7 बजे से माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच लगातार मुठभेड़ होती रही।
फायरिंग थमने के बाद जब सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया तो मुठभेड़ स्थल से वर्दीधारी दो माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए। प्रारंभिक पहचान के अनुसार मृत माओवादियों में ACM प्रदीप उर्फ जोगा, पामेड़ एरिया कमेटी सदस्य (घोषित इनाम ₹5 लाख) तथा PM भीमा वेको, पार्टी सदस्य पामेड़ एरिया कमेटी (घोषित इनाम ₹2 लाख) शामिल हैं।
मुठभेड़ स्थल से एक नग AK-47 रायफल, एक नग 9 एमएम पिस्टल, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री एवं अन्य नक्सल सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार मारे गए दोनों माओवादी लंबे समय से संगठन के सक्रिय सदस्य थे और पामेड़ क्षेत्र में कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहे हैं।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों माओवादी नागरिकों की हत्याओं और अन्य गंभीर वारदातों में संलिप्त थे, जिनमें हाल ही में कावरगट्टा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच भीमा मड़कम की हत्या की घटना भी शामिल है। इन दोनों के मारे जाने से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यादव ने कहा कि जिले में माओवादियों के विरुद्ध लगातार आसूचना-आधारित अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेंगे।
वहीं आईजी बस्तर ने पुनः अपील करते हुए कहा कि शेष बचे माओवादी हिंसा का मार्ग त्यागकर शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ लें। फिलहाल DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की अतिरिक्त टीमों द्वारा पूरे क्षेत्र में व्यापक एवं गहन सर्च ऑपरेशन जारी है।




