छत्तीसगढ़

भोपालपटनम के वार्ड-13 में चुनावी हलचल तेज, कांग्रेस से प्रशांत तो भाजपा से पी. आनंद के नाम की चर्चा!

वार्ड क्रमांक 10 और 13 पर टिकीं राजनीतिक दलों की निगाहें, चौराहों पर संभावित प्रत्याशियों को लेकर शुरू हुई सियासी अटकलें

ब्यूरो चीप बी. महेश राव बस्तर। बीजापुर जिले की नगर पंचायत भैरमगढ़ और भोपालपटनम में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। हालांकि, अभी तक चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन इससे पहले ही संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खासकर भोपालपटनम नगर पंचायत में चुनावी माहौल अधिक गर्म नजर आ रहा है। यहां वार्डों के समीकरण और संभावित उम्मीदवारों को लेकर चौराहों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाएं चल रही हैं।
भैरमगढ़ नगर पंचायत की राजनीतिक अहमियत इसलिए भी खास है, क्योंकि यह वर्तमान कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी और पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश गागड़ा का गृह क्षेत्र है। इसके बावजूद फिलहाल चुनावी चर्चाओं में भोपालपटनम नगर पंचायत अधिक सुर्खियां बटोर रही है। यहां वार्ड क्रमांक 10 वैश्वी माता वार्ड और वार्ड क्रमांक 13 शहीद भगत सिंह वार्ड को लेकर सबसे ज्यादा राजनीतिक हलचल दिखाई दे रही है।
इनमें भी वार्ड क्रमांक 13 शहीद भगत सिंह वार्ड इस समय चर्चा का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, कांग्रेस की ओर से राजनीति में सक्रिय और रणनीतिक कौशल के लिए पहचाने जाने वाले एक राजनीतिक परिवार के पुत्र प्रशांत को पार्षद प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतारे जाने की अटकलें तेज हैं। वहीं भाजपा की ओर से सक्रिय कार्यकर्ता और मेडिकल दुकान संचालक पी. आनंद का नाम संभावित उम्मीदवार के रूप में चर्चा में है।
चौराहों पर चल रही चर्चाओं में कांग्रेस से प्रशांत और भाजपा से पी. आनंद के नामों की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। हालांकि, दोनों ही दलों की ओर से अभी तक इन नामों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल इन नामों को संभावित दावेदारों के रूप में ही देखा जा रहा है।
वार्ड क्रमांक 10 और 13 पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 13 को लेकर राजनीतिक उत्सुकता कुछ ज्यादा ही नजर आ रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि चुनाव की तारीखों के ऐलान और पार्टी स्तर पर प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद इन चर्चाओं में कितनी सच्चाई निकलकर सामने आती है।
फिलहाल भोपालपटनम के चुनावी माहौल में वार्ड क्रमांक 13 सबसे ज्यादा सुर्खियों में है और कांग्रेस के प्रशांत तथा भाजपा के पी. आनंद के नामों ने स्थानीय राजनीति में चर्चाओं को नई धार दे दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!