वरदली बालक आश्रम की अव्यवस्थाओं की कवरेज करने से पत्रकार को रोकने का आरोप, मंडल संयोजक की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
45 दर्ज बच्चों में महज 6 मिले उपस्थित, व्यवस्था सुधारने के बजाय अव्यवस्थाओं को छिपाने की कोशिश का आरोप; अधीक्षक पहले भी कर चुके हैं सहायक आयुक्त से शिकायत

ब्यूरो चीप, जारखान बीजापुर। जिले के भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत वरदली बालक आश्रम में अव्यवस्थाओं का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। आश्रम में बच्चों की दर्ज संख्या और वास्तविक उपस्थिति को लेकर सवाल उठने के बाद अब इसकी कवरेज करने पहुंचे पत्रकार को अधीक्षक और मंडल संयोजक द्वारा रोकने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार आश्रम में 45 बच्चों की दर्ज संख्या के बावजूद निरीक्षण के दौरान महज 6 बच्चे ही उपस्थित मिले। इतनी कम उपस्थिति ने आश्रम की निगरानी, संचालन और शैक्षणिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले में सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि आश्रम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और कमियों को दूर करने के बजाय अव्यवस्थाओं को सामने आने से रोकने के प्रयास किए जाने के आरोप लग रहे हैं। पत्रकार द्वारा जमीनी स्थिति की जानकारी जुटाने और समाचार कवरेज करने के दौरान कथित तौर पर रोकने की बात सामने आई है। इससे विभागीय जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब 45 बच्चों के रहने वाले आश्रम में केवल 6 बच्चे उपस्थित मिल रहे हैं, तो शेष बच्चों की अनुपस्थिति की वजह क्या है? उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और आश्रम की व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या विभागीय अधिकारी इन गंभीर शिकायतों की निष्पक्ष जांच करेंगे या फिर मामला कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाएगा?अब जरूरत है कि सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्रम की वास्तविक स्थिति, बच्चों की उपस्थिति और मंडल संयोजक की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराएं, ताकि आदिवासी बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों के साथ किसी प्रकार की लापरवाही न हो।




