ककेमपारा में सामूहिक विवाह, 30 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को दी शुभकामनाएं

बीजापुर। ग्राम आवापल्ली के ककेमपारा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 30 जोड़े विधिवत वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया मड़वी, जनपद अध्यक्ष सुश्री पूर्णिमा तेलम, जनपद उपाध्यक्ष त्रिपति पुनेम सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सभी जोड़ों को शासन की ओर से प्रदत्त आर्थिक सहायता के रूप में चेक वितरित किए गए, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत सुदृढ़ आधार के साथ हो सके।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। इस योजना के माध्यम से शासन द्वारा विवाह की व्यवस्था सामूहिक रूप से कराई जाती है, जिससे अनावश्यक खर्चों पर रोक लगती है और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलती है।
कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शासन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए किया गया।




