वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग
आवापल्ली महाविद्यालय में जिला पंचायत सदस्य शंकरैया मड़वी ने किया पुरस्कार वितरण, युवाओं को दिया प्रेरक संदेश

बीजापुर। दुगईगुड़ा स्थित वीर नांगुल दोरला शासकीय महाविद्यालय आवापल्ली में वार्षिकोत्सव के तहत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शंकरैया मड़वी मुख्य रूप से शामिल हुए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया, जिसकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शंकरैया मड़वी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि युवा शक्ति ही देश और समाज के निर्माण की सशक्त आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष त्रिपति पुनेम, जिला मंत्री सहदेव वासम, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ।




