छत्तीसगढ़ बजट से उसूर क्षेत्र को नई रफ्तार, पुलिया निर्माण से बदलेगी बीजापुर की तस्वीर: जानकी कोरसा
दूरस्थ व अति-पिछड़े इलाकों को प्राथमिकता, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति जताया आभार

बीजापुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर बीजापुर जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने इसे दूरदर्शी और सर्वसमावेशी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग तक विकास पहुंचाने वाला है, विशेषकर दूरस्थ और अति-पिछड़े इलाकों के लिए यह एक नई उम्मीद लेकर आया है। जानकी कोरसा ने संवेदनशील और पिछड़े उसूर क्षेत्र को प्राथमिकता में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

जानकी कोरसा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पुलिया निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों में इलमिडी से लंकापल्ली नदी पुलिया निर्माण, लंकापल्ली से जिनिप्पा नदी पुलिया निर्माण, इलमिडी से सेमलडोडी नदी पुलिया निर्माण, मुर्दोंडा से चाटलापल्ली नदी पुलिया निर्माण, पुसगुड़ी के चिंतावागू नदी पर पुलिया निर्माण तथा इलमिडी से ऊटलापल्ली तक पुलिया निर्माण कार्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन पुलिया निर्माण कार्यों के पूरा होने से बरसात के दिनों में होने वाली आवागमन की गंभीर समस्याओं से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। लंबे समय से नदी-नालों के कारण प्रभावित संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने तथा ग्रामीणों को बाजार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी।
जानकी कोरसा ने कहा कि सड़क और पुलिया जैसी आधारभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास की रीढ़ होती हैं। इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल उसूर क्षेत्र सहित पूरे बीजापुर जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। सरकार का यह कदम नक्सल प्रभावित और दूरस्थ इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे भविष्य में क्षेत्र में स्थायी विकास और खुशहाली सुनिश्चित हो सकेगी।




