Welcome to CG Outlook   Click to listen highlighted text! Welcome to CG Outlook
छत्तीसगढ़

भाजपा सरकार के बीच कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मांडवी का पामेड़ में जमीनी दौरा

उसूर ब्लॉक के कोण्डापल्ली, भट्टीगुडा और कोमटपल्ली गांवों में ग्रामीणों से सीधा संवाद, समस्याएं सुनकर समाधान का दिलाया भरोसा

बीजापुर।उसूर विकासखंड के पामेड़ क्षेत्र में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने ग्राम पंचायत कोण्डापल्ली, भट्टीगुडा एवं कोमटपल्ली के ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। नक्सल प्रभावित और दूरस्थ माने जाने वाले इन गांवों में विधायक की सक्रिय मौजूदगी ने क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। वर्तमान में राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद कांग्रेस विधायक का जमीनी स्तर पर लगातार दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है।
दौरे के दौरान विधायक मंडावी ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, राशन वितरण, बिजली एवं रोजगार से जुड़ी दिक्कतों को प्रमुखता से रखा। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार के दावों के विपरीत जमीनी हकीकत अलग है और कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नक्सल उन्मूलन और विकास के नाम पर बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन दूरस्थ आदिवासी गांवों तक योजनाओं का लाभ पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है।
विधायक विक्रम शाह मांडवी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे विधानसभा और प्रशासनिक स्तर पर इन मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनप्रतिनिधि होने के नाते वे विपक्ष में रहते हुए भी जनता की आवाज बनकर संघर्ष करते रहेंगे। ग्रामीणों से संवाद करते हुए विधायक ने स्पष्ट किया कि सरकार चाहे किसी भी पार्टी की हो, जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विधायक के दौरे को कांग्रेस की जमीनी राजनीति और भाजपा सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
बताया गया कि विधायक मंडावी आज पामेड़ में ही विश्राम करेंगे। इसके बाद वे अन्य गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात जारी रखेंगे। क्षेत्र में उनके इस दौरे को आगामी राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!