जिला पंचायत सदस्य शंकरैया मड़वी ने माँ कनका दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की
श्री मड़वी ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की जनसमस्याओं के समाधान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे

आवापल्ली /इलमिडी। जिला पंचायत सदस्य शंकरैया मड़वी ने आज इलमिडी क्षेत्र के काशारमपारा स्थित श्री श्री माँ कनका दुर्गा माता मंदिर में पहुँचकर श्रद्धा एवं विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। पूजा-अर्चना के दौरान उन्होंने माँ कनका दुर्गा से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं निरंतर विकास की कामना की। मंदिर परिसर में इस दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से माहौल धार्मिक आस्था से सराबोर नजर आया।
दर्शन के उपरांत जिला पंचायत सदस्य श्री मड़वी ने कहा कि माँ कनका दुर्गा क्षेत्र की आराध्य देवी हैं और उनकी कृपा से क्षेत्र में अमन-चैन, भाईचारा और समृद्धि बनी रहती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका कर्तव्य है कि वे न केवल विकास कार्यों को गति दें, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करें। ऐसे धार्मिक स्थलों से लोगों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और समाज में एकता की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों, मंदिर समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने जिला पंचायत सदस्य का स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, जरूरतों और विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। श्री मड़वी ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की जनसमस्याओं के समाधान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।

मंदिर समिति के सदस्यों ने भी जिला पंचायत सदस्य के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं विकास संभव होता है। दर्शन-पूजन के पश्चात श्री मड़वी ने माँ कनका दुर्गा के चरणों में नमन कर क्षेत्र की खुशहाली, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और किसानों की उन्नति के लिए विशेष प्रार्थना की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।




